यादें लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यादें लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 29 अप्रैल 2017

मुरली मनोहर बोलते रहे, मैं विनोद खन्ना में खोयी रही...


विनोद खन्ना जी के निधन से हमें बहुत दुख हुआ. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.

 विनोद खन्ना जी को मैं बहुत करीब से नहीं जानती, लेकिन वो जब भी याद आते हैं मैं मुस्कुरा देती  हूं.

बात अटल जी की सरकार के समय की है. तब मैं 'राष्ट्रिय सहारा'के रिपोर्टिग में थी. तत्कालीन मानव संसाधन मंत्री मुरली मनोहर जी ने इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में किसी मुद्दे पर प्रेस वार्ता बुलाई थी. मुझे कवर करने के लिए भेजा गया.

किन्हीं कारणों से मैं देर हो गयी. मैं गिरती-पड़ती वहां पहुंची.

अंदर जाने के लिए शीशे का गेट खोला ही था कि पीछे से विनोद खन्ना जी अपने दो-तीन साथियों के साथ नजर आये.

मैंने उनकी राह छोड़ दी. कहा पहले आप, उन्होंने भी कहा पहले आप, दो तीन बार हम एक दूसरे को आप आप कहते रहे, जब उन्होंने बड़े प्यार से अंदर जाने का इशारा किया तो मैं मना नहीं कर पायी.

आगे हम लोग गलती से दूसरे हॉल में चले गये, जहां कोई सेमिनार चल रहा था. हॉल में अंधेरा था, वापस मुड़ने लगे तो गलती से मेरी सैंडिल उनके चप्पल से टकरा गयी, इस बार एक दूसरे को माफ कीजिए, माफ कीजिए कहना पड़ा.

बात यहीं खत्म नहीं हुई. संयोग से जहां वो बैठे, ठीक उनके सामने मुझे बैठने की जगह मिल गयी.
बार-बार उन्हें देखने की मेरी इच्छा हो रही थी.

मुरली मनोहर जी बोलते रहे लेकिन मुझे कुछ सुनाई -दिखाई नहीं दे रहा था, मेरी आंखों के सामने तो बस विनोद खन्ना जी की फिल्मे चल रही थीं. वो अलग-अलग रोल में दिख रहे थे.

कई बार-बार मैंने उन्हें जी भर के देखने की कोशिश की लेकिन हर बार मेरी नजर उनसे टकरा जाती.
इससे पहले मैंने कभी इतना सुशदर्शन पुरुष नहीं देखा था.

शांत शिष्ट और खूबसूरत आंखें, दिव्य चेहरा और शालीन मुस्कुराहट, जिसे बार-बार देखने का मन करता हो.

उस दिन मैंने किसी तरह प्रेस रिलिज से खबर बनायी.

कई दिनों तक विनोद जी मेरे जहन में रहे. जब भी विनोद खन्ना याद आते हैं तो मैं मुस्कुरा देती हूं.

गुरुवार, 25 जून 2009

मेरे पत्रकार गुरु

प्रख्यात कथाशिल्पी किशन चंदर ने एक जगह लिखा है, पूछा है-“ अपनी जिन्दगी में तुमने क्या किया? किसी को सच्चे दिल से प्यार किया? किसी को नेक सलाह दी ? किसी दुश्मन के बेटे को मोहब्बत की नजर से देखा? जहां अंधेरा था, वहां चराग ले गये? मैं नहीं जानती कि पत्रकारिता के तप:पूत्र एवं मेरे श्रद्धेय पत्रकार गुरु रामजी मिश्र ‘मनोहर’ का व्यक्तित्व और कर्त्तृत्व इन सारे प्रश्नों के प्रति साकारात्मक है या नहीं, किन्तु इतना अवश्य जानती हूं कि इन्होंने जहां भी अंधेरा देखा, वहां रौशनी की किरण ले गये, तम को भगाया-मिटाया। वो कहते थे-
“अपना तो काम है जलाते चलो चराग,
खाह दोस्त का घर मिले, दुश्मन का घर मिले”
अब वो रहे नहीं पर मैं उनके सैकड़ों शिष्य-शिष्याओं एवं श्रद्धा रखने वालों में से एक हूं, जिनके जीवन को इन्होंने एक दिशा दी है, जिनके अंदर ज्ञान की ज्योति जलाई है, आत्मविश्वास जगाया है और कुछ कर गुजरने को प्रेरित-प्रोत्साहित किया है। दीपक में यदि तेल हो, बाती हो, किन्तु उसे जलाने वाला न हो, तो मिट्टी के उस पात्र का कोई अर्थ नहीं रह जाता। शब्द-शिल्प के क्षेत्र में मेरा प्रयास भले अपना रहा हो, लेकिन उसे तराशकर आकार देने का श्रेय गुरुदेव को ही जाता है। ठीक उसी प्रकार, जिस प्रकार सांचे में ढ़ली मूर्ति को रंग, रूप और आभा देने का श्रेय मूर्तिकार को जाता है।
अपने स्कूल-कॉलेज में आयोजित समरोहों के सिलसिले में इन्हें देखने-सुनने का अवसर मुझे बचपन से मिलता रहा, किन्तु इन्हें निकट से जानने-समझने का मौका वर्ष 1991 ई. की शुरुआत मे मिला, जब मैं लब्धप्रतिष्ठ मूर्तिकार-चित्रकार आदरणीय दामोदरप्रसाद अम्बष्ठ जो अब नहीं रहे, के साथ मनोहर जी के आवास पर गई थी, पत्रकारिता के पेशे तथा पत्रकारिता परिक्षण के बारे में जानकारी लेने। दामोदर बाबू के पास चित्रकला सिखने जाया करती थी, जो एक वरिष्ठ एवं कर्मठ पत्रकार तथा समर्पित समाजसेवी के रूप में मनोहर जी की चर्चा किया करते थे। इनके बारे में जितना सुना था, मिलने पर उससे अधिक पाया। इनकी ऊंचाई के लिए मेरे मन-मस्तिष्क में पहले से खिंची तमाम रेखाएं बौनी हो गईं। लगा कि इनके व्यक्तित्व और कृतित्व के लिए जो रेखा खींची जा सकती है, उसका स्पर्श आम आदमी नहीं कर सकता।
इनसे होने वाली मुलाकातों के सिलसिले में पत्रकारिता के प्रति मेरा रुझान-झुकाव लगातर बढ़ता गया, लेकिन इन्होंने मुझे हमेशा इस पेशे के संघर्ष,चुनौतियों और खतरों के प्रति आगाह किया और समझाया-पत्रकारिता अपनाना है तो त्याग, सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना से अपनाओं न कि इससे जु़ड़े ग्लैमर, पावर या सुविधाओं के लिए। यह पेशा दाल-रोटी का जरिया के रूप में अपनाये जाने वाले अन्य पेशों की तरह नहीं है। बनना है तो सेवाधर्मी पत्रकार बनो, इस पेशे को पूजा मानकर चला। मैंने उनका कहा अक्षरश: माना। पत्रकारिता मेरे लिए साधना है।

मनोहर जी के नैकट्य से मुझे बिहार-पत्रकारिता एवं संग्रहालय तथा पटना नगर हिन्दी-साहित्य-सम्मेलन की गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी मिली। बीच के दो-तीन साल तक मैंने एक कॉलेज में प्राध्यापकी भी की, किन्तु मेरा मन रमा-जमा नहीं। शोधकार्य के संबंध में सामग्री खोजने के क्रम में जब मनोहर जी के संग्रहालय को नजदीक से देखा-परखा तब वहां उपल्बध ज्ञान के विपुल भांडार का पता लगा और पूरे संग्रह को करीब से देखने की इच्छा हुई। और बस मैं अपनी मित्र-सहकर्मी डॉ ममता श्रीवास्तव के साथ जुट गई राजेन्द्रनगर स्थित संग्रह की सूची बनाने में। दो-तीन माह के अंदर हम दोनों ने वहां की दस-बारह आलमारी पुस्ककों की सूची बना डाली। सूची बनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य था उस ज्ञान सागर में गोते लगाना और ज्ञान के कीमती रत्न बटोरना।

मेरे गुरुदेव का जीवन खुली किताब थी। आज के जमाने में ऐसा खुलापन दुर्लभ ही है। मुंहदेखी बात वे कभी नहीं करते थे। अपने निकट आने वाले हर व्यक्ति को बिना किसी लाग-लपेट के खरी सलाह देते थे। मेरे मन में भी कई तरह की तरेंगे उठती थी। कभी लगता कि प्राध्यापकी में स्थिरता प्राप्त करूं, कभी लगता प्रखर पत्रकार बनुं, कभी विचार आता कि ड्रेस डिजाइनिंग का काम करूं तो कभी मन में आता कि लड़कियों के लिए सिलाई,कढ़ाई, पेंटिग का प्रशिक्षण केन्द्र चलाऊं। और, रंगमंच से मेरा पुराना जुड़ाव होने के कारण जब कभी नाट्य संस्था के लोग आ जाते, तब विचार आता रंगकर्म के क्षेत्र में ही कैरियर बनाऊं। ऐसी दिशाहीनता में गुरुदेव ने बिना अपना कोई विचार लादे खरी सलाह की कि मैं एकलव्य की तरह लक्ष्य साधूं। एक ही रास्ता चुनूं जो सबसे अनुकूल नजर आये। और आज मुझे लगता है कि मैंने जो लक्ष्य किया वो मेरे लिया सबसे उचित है। लेखन मेरी साधना है। पत्रकारिता मेरा कर्म।
आज मुझे गुरुदेव की कमी खलती है। क्योंकि सच्ची-खरी बात कहने वाला कोई नहीं। गुरुदेव कभी मेरी कमियों एवं खामियों पर कस कर बरस पड़ते थे, तो कभी बेटी-सा प्यार, दुलार, स्नेह की वर्षा करते थे और कभी हमउम्र और समान स्तर का सम्मान भी देते थे। कभी कुछ अच्छा लिखा तो, प्रोत्साहित भी करते थे। कभी-कभी स्नेह-प्रवाह में अतिशयोक्ति भी कर जाते आपको बहुत आगे बढ़ना है, कुलदीप नैयर, खुशवंत सिंह और राजेन्द्र माथुर बनना है। वाणी और कलम के संयम के लिए उन्होंने मुझे कई बार इस अंदाज में झाड़ा-झपेटा, जिसे सुनकर-झेलकर सम्भवत: अपनी बहू-बेटी भी बिदककर भाग जाये और फिर पास न फटके। किन्तु मैं जानती हूं कि उनका ऐसा व्यवहार मेरे प्रगति, मेरे उत्थान और मेरे उत्कर्ष के लिए था। मेरे जैसे अनेक नवसिखुओं के लिए अपना कीमती समय एवं ऊर्जा देने के पीछे कहीं से, किसी प्रकार का लेशमात्र का भी उनका स्वार्थ नहीं था।

सर 70 वर्ष की अवस्था में भी चुस्त-दुरुस्त थे। उनका समय अपने लिए कम, दूसरों के लिए अधिक था। उनके खपड़पोश मकान का कोई कोना चूता-धंसता रहता तो उन्हें कोई चिंता नहीं सताती थी, लेकिन जब पश्चिम दरवाजा का पुराना स्तम्भ गिर जाये, अपने समय की प्रख्यात गायिका कोकिलकंठ अल्ला जिलाई का कचौड़ी गली स्थित पुराना मकान ध्वस्त हो जाये या मदरसा-मस्जिद का गुंबद गिर जाये तो वे आहत-मर्माहत हो जाते थे। उसके संरक्षण के लिए व्यग्र और आंदोलित हो उठते। उन्हें उम्र के साथ आने वाली अपनी और अपनी पत्नी की बीमारी की चिंता उन्हें नहीं थी,लेकिन जब चित्रकार दामोदर अम्बष्ठ या उपन्यासकार हिमांशु श्रीवास्तव या उनके जैसे कलासेवी, साहित्यकार बीमार पड़ जायें या किसी तरह की परेशानी में हो तो गुरुदेव की पीड़ा-व्यथा देखने लायक होती थी। ऐसे लोगों की स्वास्थ्य रक्षा एवं सहायता के लिए वो अपनी पूरी टीम के साथ जुट जाते थे। अपना सब दर्द भूलकर दूसरों की पी़ड़ा से पीड़ित होनेवाला,नगर के दर्द से व्यथित-मर्माहत होनेवाला तथा पाटलिपुत्र की अतीत गरिमा के संरक्षण एवं इसके सुन्दर भविष्य के निर्माण के लिए अपना वर्त्तमान दांव पर लगानेवाला ऐसा व्यक्ति बहुत खोजने पर भी कहीं नहीं मिलेगा। अब गुरुदेव नहीं रहे वक्त और नियति उन्हें उम्र के उस मौकाम पर पहुंचा दिया जहां इंसान अपनी क्षमता खोने लगता है। गुरुदेव ह्रदय रोग से पीड़ित हो गए। ऑपरेशन भी हुआ, लेकिन वो ज्यादा दिन जीवित न रह सके। उनकी मौत के चंद महीने बाद ही उनकी सहज-सरल पत्नी, जिन्हें मैं मामी जी कहती थी चल बसीं। उनके बाद मुझे रिक्ता का बोध हुआ। एक ऐसी रिक्ता, जिसे कभी नहीं भरी जा सकती । दोनों के प्रति मेरी आपार श्रद्धा है।